Bangladesh Oath Ceremony: तारिक रहमान के शपथ ग्रहण में पीएम मोदी को न्योता, 13 देशों के दिग्गजों की मौजूदगी में होगा सत्ता परिवर्तन
बांग्लादेश में हुए ऐतिहासिक आम चुनाव 2026 में प्रचंड जीत के बाद अब नई सरकार के गठन की तैयारी पूरी हो चुकी है। आगामी 17 फरवरी को बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के अध्यक्ष तारिक रहमान देश के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। इस भव्य समारोह के लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस की ओर से भेजे गए इस निमंत्रण को दोनों देशों के बीच भविष्य के रिश्तों की नई इबारत के तौर पर देखा जा रहा है। 17 साल के निर्वासन के बाद सत्ता के केंद्र में लौटे तारिक रहमान ने स्पष्ट संकेत दिया है कि वे भारत के साथ ‘परस्पर सम्मान’ पर आधारित संबंधों को आगे बढ़ाना चाहते हैं।
ढाका के नेशनल पार्लियामेंट हाउस के साउथ प्लाजा में होने वाले इस कार्यक्रम में भारत के अलावा चीन, पाकिस्तान, सऊदी अरब, तुर्की, कतर, मलेशिया और संयुक्त अरब अमीरात सहित कुल 13 देशों के राष्ट्राध्यक्षों को आमंत्रित किया गया है। बीएनपी के सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के इस समारोह में शामिल होने की प्रबल संभावना है। हालांकि, भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर अभी भी सस्पेंस बरकरार है। बताया जा रहा है कि उसी दिन मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ पीएम मोदी की द्विपक्षीय बैठक है, जिसके कारण वे शायद खुद न जा पाएं। उनकी अनुपस्थिति में विदेश मंत्री एस. जयशंकर या उपराष्ट्रपति भारत का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं। दक्षिण एशिया की बदलती भू-राजनीति के बीच तारिक रहमान का यह शपथ ग्रहण समारोह वैश्विक शक्तियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।