उस्मान तारिक की गुत्थी सुलझाएगी सूर्य की सेना! कोलंबो में पाक के खिलाफ भारत का महामुकाबला
क्रिकेट की दुनिया का सबसे बड़ा रोमांच आज कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में देखने को मिलेगा, जब भारत और पाकिस्तान टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप ए मैच में आमने-सामने होंगे। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम फिलहाल शानदार फॉर्म में है, जबकि पाकिस्तान के लिए यह मैच ‘करो या मरो’ जैसा है।
हाल ही में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मैच बहिष्कार की धमकियों और फिर यू-टर्न लेने से उनकी काफी किरकिरी हुई है। आंकड़ों की बात करें तो टी-20 वर्ल्ड कप में भारत का पलड़ा भारी है, जहां ८ मैचों में भारत ७-१ से आगे है। एशिया कप २०२५ के फाइनल में भी गौतम गंभीर के ‘चेलों’ ने पाकिस्तान को ५ विकेट से करारी शिकस्त दी थी।
उस्मान तारिक का विवाद: इस मैच से पहले पाकिस्तान के रहस्यमयी स्पिनर उस्मान तारिक चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। उनके अजीबोगरीब बॉलिंग एक्शन और गेंद फेंकने से पहले रुकने (Pause) की शैली पर काफी विवाद हो रहा है। भारतीय टीम ने उस्मान के इस खतरे से निपटने के लिए विशेष रणनीति बनाई है। वहीं, पेट के संक्रमण के बाद अभिषेक शर्मा की टीम में वापसी लगभग तय मानी जा रही है, जिससे भारतीय बल्लेबाजी और मजबूत होगी।
बारिश बिगाड़ सकती है खेल: कोलंबो के मौसम विभाग के अनुसार, आज मैच के दौरान ६५% बारिश की संभावना है। अगर मैच धुल जाता है, तो दोनों टीमों को १-१ अंक मिलेगा। इससे भारत का सुपर-८ का रास्ता साफ हो जाएगा, लेकिन पाकिस्तान के लिए मुसीबतें बढ़ सकती हैं। जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज की जोड़ी पावरप्ले में पाकिस्तान के टॉप ऑर्डर को ध्वस्त करने के लिए तैयार है। गौतम गंभीर चाहेंगे कि आज ही जीत दर्ज कर पाकिस्तान की वर्ल्ड कप उम्मीदों पर पानी फेर दिया जाए।