IND vs PAK: कोलंबो में मंडराया बारिश का साया, क्या धुल जाएगा महामुकाबला? जानें वेदर रिपोर्ट
कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले पर काले बादल मंडरा रहे हैं। क्रिकेट जगत जिस मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहा था, उसमें बारिश बड़ी बाधा बनकर सामने आई है। मौसम विभाग के अनुसार, आज रविवार को कोलंबो में बारिश की संभावना 96% तक है। ऐसे में या तो मैच शुरू होने में देरी होगी या फिर ओवरों की संख्या में कटौती की जा सकती है।
हालांकि, आर प्रेमदासा स्टेडियम के ग्राउंड स्टाफ अपनी फुर्ती के लिए जाने जाते हैं। वे बारिश रुकने के महज 20 मिनट के भीतर पूरे आउटफील्ड को खेलने के लिए तैयार कर सकते हैं। लेकिन मौसम विभाग की ताजा चेतावनी ने चिंता बढ़ा दी है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण वायुमंडलीय दबाव में गिरावट आई है, जिससे लगातार और भारी बारिश की स्थिति बनी हुई है। अनुमान है कि शाम 6 बजे तक बारिश का असर ज्यादा रहेगा, जिसके बाद ही खेल शुरू होने की उम्मीद की जा सकती है।
भारतीय टीम में संभावित बदलाव: इस अहम मैच के लिए भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में बड़े फेरबदल की चर्चा है। चोट से उबरने के बाद अभिषेक शर्मा की वापसी तय मानी जा रही है, जो संजू सैमसन की जगह ले सकते हैं। कोलंबो की स्पिन फ्रेंडली पिच को देखते हुए रिंकू सिंह की जगह वॉशिंगटन सुंदर को मौका मिल सकता है। वहीं, गेंदबाजी आक्रमण में अर्शदीप सिंह की जगह रिस्ट-स्पिनर कुलदीप यादव को शामिल करने पर विचार किया जा रहा है।
दूसरी ओर, पाकिस्तान अपनी विनिंग लय को बरकरार रखना चाहता है। नीदरलैंड और अमेरिका को हराने के बाद पाकिस्तानी खेमा आत्मविश्वास से भरा है और उनकी टीम में स्पिनर्स का दबदबा रहने की उम्मीद है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग XI: भारत: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह/कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह। पाकिस्तान: सईम अय्यूब, साहिबजादा फरहान, सलमान अली आगा (कप्तान), बाबर आजम, उस्मान खान, शादाब खान, फहीम अशरफ, शाहीन शाह अफरीदी, सलमान मिर्जा, अबरार अहमद, उस्मान तारिक।