यश-नुसरत की बिल्डिंग में लगी भीषण आग! बच्चों को गोद में लेकर जान बचाकर भागे सितारे
रविवार की सुबह दक्षिण कोलकाता के टॉलीगंज इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मशहूर रेजिडेंशियल बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। इस इमारत में टॉलीवुड के पावर कपल यश दासगुप्ता और नुसरत जहां के साथ-साथ सायंतिका बनर्जी और निर्देशक शुभ्रजीत मित्रा जैसे कई बड़े सितारे रहते हैं। आग लगने की खबर मिलते ही पूरी बिल्डिंग में हड़कंप मच गया। स्थिति इतनी गंभीर थी कि यश और नुसरत को अपने बच्चों के साथ तुरंत फ्लैट छोड़कर सुरक्षित नीचे सड़क पर उतरना पड़ा।
दमकल विभाग के अनुसार, आग टेक्नीशियन स्टूडियो के पास स्थित इस बहुमंजिला इमारत की पांचवीं मंजिल पर लगी। शुरुआती जांच में पता चला है कि शिवरात्रि की पूजा के बाद एक जलता हुआ दीया बिना बुझाए छोड़ दिया गया था, जिससे पूजा कक्ष में आग लग गई। उस वक्त फ्लैट में कोई मौजूद नहीं था, लेकिन धुएं की वजह से पूरी बिल्डिंग में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा के मद्देनजर बिल्डिंग की लिफ्ट बंद कर दी गई और सभी निवासियों को सीढ़ियों का उपयोग करने की सलाह दी गई। यश और नुसरत अपने बच्चों के साथ सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे। दमकलकर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ और एक बड़ा हादसा टल गया।
दमकल अधिकारियों ने निवासियों को चेतावनी दी है कि पूजा के दीये या बिजली के उपकरणों के इस्तेमाल में थोड़ी सी भी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सभी सितारे अपने घरों में लौट चुके हैं, लेकिन इस घटना ने टॉलीगंज में सुबह-सुबह भारी सनसनी फैला दी।