टॉलीगंज की आलीशान बिल्डिंग में लगी भीषण आग! बच्चों को लेकर जान बचाकर सड़क पर भागे यश-नुसरत

रविवार की सुबह टॉलीगंज के एक पॉश रिहायशी अपार्टमेंट में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी भयानक थी कि बांग्ला फिल्मों की मशहूर जोड़ी यश दासगुप्ता और नुसरत जहां को अपने दो छोटे बच्चों के साथ जान बचाने के लिए फौरन सड़क पर उतरना पड़ा। इसी इमारत में रहने वाली अभिनेत्री सायंतिका बनर्जी और फिल्म निर्देशक शुभ्रजीत मित्रा भी दहशत के मारे भागते हुए नीचे आए। दिलचस्प बात यह है कि इसी अपार्टमेंट में कभी पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी की करीबी अर्पिता मुखर्जी भी रहती थीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टॉलीगंज के करुणामयी काली मंदिर के पास स्थित इस गगनचुंबी इमारत की पांचवीं मंजिल से अचानक काला धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग फैल गई और पूरी बिल्डिंग में धुंआ भर गया। लिफ्ट बंद होने के कारण लोगों को सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ा। 18वीं मंजिल पर रहने वाले निर्देशक शुभ्रजीत मित्रा ने बताया कि उन्हें अपनी बीमार मां को लेकर नीचे उतरने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। उन्होंने कहा, “चारों तरफ अंधेरा और धुआं था, हम किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल पाए।”

दमकल विभाग की शुरुआती जांच में पता चला है कि पांचवीं मंजिल के एक फ्लैट में शिवरात्रि की पूजा चल रही थी। परिवार के लोग दीया जलाकर आरती करने के बाद उसे जलता हुआ छोड़कर पास के मंदिर में दर्शन के लिए चले गए थे। माना जा रहा है कि उसी दीये से आग भड़की और पर्दों के जरिए पूरे कमरे में फैल गई। दमकल की तीन गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

नुसरत और यश का फ्लैट ठीक आग वाली मंजिल के ऊपर था, जिससे खतरा और बढ़ गया था। आग की खबर मिलते ही अर्पिता मुखर्जी के फ्लैट में रह रहे पार्थ चटर्जी के पालतू कुत्तों को भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन इस हादसे ने टॉलीगंज के सितारों के बीच गहरी दहशत पैदा कर दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *