मोहम्मद यूनुस का अगला कदम क्या? क्या बांग्लादेश के नए राष्ट्रपति बनेंगे नोबेल विजेता?
बांग्लादेश में अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार के रूप में प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस का कार्यकाल अब समाप्त होने वाला है। हाल ही में संपन्न हुए चुनावों में बीएनपी की प्रचंड जीत के बाद ढाका के गलियारों में सबसे बड़ा सवाल यही है कि—यूनुस अब कहां जाएंगे? सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में यह चर्चा तेज है कि उन्हें बांग्लादेश का अगला राष्ट्रपति बनाया जा सकता है।
तारिक रहमान के सलाहकार हुमायूं कबीर ने संकेत दिया है कि हालांकि अभी किसी भूमिका पर आधिकारिक मुहर नहीं लगी है, लेकिन रहमान देश के विकास के लिए यूनुस जैसे ‘प्रतिभाशाली’ व्यक्तियों का परामर्श लेना चाहते हैं। कबीर के अनुसार, “यूनुस की अंतरराष्ट्रीय साख और अनुभव देश के लिए एक बड़ी संपत्ति है। तारिक रहमान अपनी सरकार में ‘सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों’ को शामिल करने के इच्छुक हैं।”
दूसरी ओर, मोहम्मद यूनुस के प्रेस सचिव शफीकुल आलम ने इन अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है। आलम का कहना है कि यूनुस का राजनीति या किसी संवैधानिक पद में कोई रुझान नहीं है। उन्होंने कहा, “प्रोफेसर यूनुस अपने पुराने सामाजिक कार्यों और ‘थ्री जीरो’ (शून्य गरीबी, शून्य बेरोजगारी और शून्य कार्बन उत्सर्जन) के मिशन पर वापस लौटना चाहते हैं। वह युवाओं के साथ सामाजिक व्यवसाय मॉडल पर काम करना चाहते हैं।”
फिलहाल, यूनुस ने खुद अपने भविष्य को लेकर चुप्पी साध रखी है। सत्ता का हस्तांतरण तारिक रहमान को किए जाने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि प्रोफेसर यूनुস राष्ट्रपति भवन जाएंगे या फिर वापस अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपने सामाजिक सुधारों के एजेंडे को आगे बढ़ाएंगे।