टी20 वर्ल्ड कप से पहले पाक-वध! 10 ओवर में ढेर हुआ पाकिस्तान, वृंदा शर्मा के तूफान में उड़ा चिर प्रतिद्वंद्वी

कोलंबो में आज रात होने वाले भारत-पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप मैच से पहले भारतीय महिला ‘ए’ टीम ने देश को जश्न मनाने का बड़ा मौका दिया है। बैंकॉक में खेले जा रहे ‘महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स’ टूर्नामेंट में भारत ने पाकिस्तान ‘ए’ को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। शानदार गेंदबाजी और फिर वृंदा शर्मा की तूफानी पारी के दम पर भारत ने पाकिस्तान द्वारा दिए गए लक्ष्य को महज 10.1 ओवर में हासिल कर लिया।

मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों साइमा ठाकुर, राधा यादव और प्रीमा रावत की घातक गेंदबाजी के आगे पाक बल्लेबाज टिक नहीं सके। पूरी पाकिस्तानी टीम 18.5 ओवर में केवल 93 रनों पर ढेर हो गई। पाकिस्तान की ओर से शवाल जुल्फिकार ने सर्वाधिक 23 रन बनाए।

94 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को पहली ही गेंद पर झटका लगा, लेकिन इसके बाद वृंदा शर्मा ने मोर्चा संभाला। वृंदा ने मात्र 29 गेंदों में 12 चौकों की मदद से नाबाद 55 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। अनुष्का शर्मा (24) के साथ उनकी शानदार साझेदारी ने पाकिस्तान की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अंत में तेजल हसबनीस ने आक्रामक अंदाज में मैच खत्म किया। इस जीत के साथ ही भारत ग्रुप ‘ए’ में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है और सेमीफाइनल की रेस में मजबूती से बरकरार है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *