IND vs PAK: ‘या अल्लाह, बारिश करा दे!’ भारत-पाक महामुकाबले से पहले बासित अली की अजीब दुआ

क्रिकेट की दुनिया के सबसे बड़े मुकाबले ‘भारत बनाम पाकिस्तान’ पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाले इस महामुकाबले से पहले मौसम विभाग ने बारिश की भारी भविष्यवाणी की है। पूरी दुनिया के क्रिकेट प्रशंसक जहां एक रोमांचक मैच की उम्मीद कर रहे हैं, वहीं पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर बासित अली ने एक हैरान करने वाला बयान दिया है।
एक टीवी शो के दौरान बासित अली ने कहा, “मेरी तो दुआ है अल्लाह ताला बारिश कर दे।” जब मेजबान ने उनसे पूछा कि क्या वह पूरा मैच होते नहीं देखना चाहते, तो बासित ने दो टूक शब्दों में कहा, “मुझे सिर्फ बारिश चाहिए।” उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर ट्रोल किया जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि भारतीय टीम की मौजूदा फॉर्म को देखते हुए बासित अली को हार का डर सता रहा है। मैच रद्द होने की स्थिति में दोनों टीमों को १-१ अंक मिलेगा, जो पाकिस्तान के लिए एक सुरक्षित रास्ता हो सकता है।
कोलंबो के मौसम की बात करें तो शनिवार रात से ही वहां रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिसके कारण भारतीय टीम का अभ्यास सत्र भी बाधित हुआ। श्रीलंका मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण आज ७० प्रतिशत बारिश की आशंका है। मैच शुरू होने के समय यानी शाम ७ बजे के आसपास भारी बारिश खेल बिगाड़ सकती है। हालांकि, दोपहर में कुछ समय के लिए धूप खिली थी, लेकिन आसमान में अभी भी घने बादल छाए हुए हैं। अब देखना यह है कि जीत किसकी होती है—बासित अली की दुआ की या क्रिकेट प्रेमियों की उम्मीदों की।