‘मन माने ना’ की एक्ट्रेस को भद्दी गालियां! क्या फिल्म को फ्लॉप कराने के लिए रची जा रही है साजिश?

वैलेंटाइन डे के मौके पर रिलीज हुई राहुल मुखर्जी की फिल्म ‘मन माने ना’ (Mon Mane Na) बॉक्स ऑफिस से ज्यादा सोशल मीडिया पर चर्चा में है। फिल्म की रिलीज के बाद से ही फिल्म की नई एक्ट्रेस हिया चटर्जी को फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए भद्दी गालियां और धमकियां मिल रही हैं। इस मामले पर अब फिल्म के निर्देशक राहुल मुखर्जी ने चुप्पी तोड़ी है और फिल्म के खिलाफ चल रहे ‘नेगेटिव कैंपेन’ पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

राहुल मुखर्जी ने फेसबुक पर एक लंबा पोस्ट साझा करते हुए इसे ‘परछाइयों के साथ युद्ध’ करार दिया। उन्होंने खुलासा किया कि जीरो फॉलोअर्स वाले फेक प्रोफाइल्स से उनकी फिल्म की एक्ट्रेस और डीओपी (DOP) को निशाना बनाया जा रहा है। राहुल ने लिखा, “जो लोग फिल्म की अच्छी समीक्षा लिख रहे हैं, उन्हें भी धमकाया जा रहा है और ‘पेड रिव्यू’ का टैग दिया जा रहा है। सच तो यह है कि हमारे पास कॉर्पोरेट बुकिंग या रिव्यू खरीदने के पैसे नहीं हैं।”

निर्देशक ने आगे कहा कि अगर फिल्म खराब है, तो दर्शक खुद ही उसे नकार देंगे, लेकिन फिल्म देखे बिना इस तरह का व्यक्तिगत हमला करना बचपना है। उन्होंने बंगाली फिल्म इंडस्ट्री में चल रहे ‘सपोर्ट बंगाली सिनेमा’ के चलन पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा, “आपको बंगाली फिल्मों के साथ खड़े होने की जरूरत नहीं है, बस थिएटर में जाकर फिल्म देखें। अच्छी न लगे तो खुलकर कहें, लेकिन फेक प्रोफाइल के पीछे छिपकर गाली न दें।” बता दें कि इस फिल्म में सौम्य मुखर्जी, हिया चटर्जी और ऋत्विक भौमिक मुख्य भूमिकाओं में हैं।

Author
  • Author

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *