८ साल का रिश्ता और २ बच्चे, फिर भी भतीजे के प्यार में पागल चाची; पति ने खुद निभाया ‘कन्यादान’

उत्तर प्रदेश के गोघाट थाना क्षेत्र के टिकरी गांव से वेलेंटाइन डे पर प्यार का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सबको हैरान कर दिया है। यहाँ एक शख्स ने अपनी पत्नी के प्रेम को स्वीकार करते हुए उसकी शादी अपने ही सगे भतीजे से करवा दी। चाची और भतीजे के बीच पिछले कई सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसका खुलासा १४ फरवरी को हुआ। इसके बाद पति खुद दोनों को लेकर थाने पहुँचा और उनकी शादी संपन्न कराई।
जानकारी के अनुसार, पूजा नाम की महिला की शादी ८ साल पहले पंकज से हुई थी। उनके दो बच्चे भी हैं और सब कुछ सामान्य चल रहा था। लेकिन पूजा को अपने जेठ के बेटे (भतीजे) से प्यार हो गया। दोनों अक्सर एकांत में मिला करते थे। परिवार को इस बात की खबर तक नहीं थी, लेकिन गांव वालों की नजर उन पर थी। शनिवार को जब पूजा और उसका भतीजा एक सुनसान जगह पर मिले, तो परिजनों ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया।
हंगामे के बीच पूजा ने सबके सामने कबूल किया कि वह अपने भतीजे से प्यार करती है और उसी के साथ रहना चाहती है। पंकज ने अपनी पत्नी की खुशी के लिए एक बड़ा दिल दिखाया और विरोध करने के बजाय दोनों को लेकर स्थानीय थाने चला गया। थाने के भीतर ही पुलिस और गांव वालों की मौजूदगी में माला पहनाकर और सिंदूरदान कर दोनों की शादी करा दी गई। हालांकि, थाने के अंदर शादी के इस आयोजन पर कई लोगों ने सवाल भी उठाए हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों परिवारों की आपसी सहमति और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया।