टिकट कटाओ, वरना पछताओ! सियालदह डिवीजन में आरपीएफ का बड़ा एक्शन, एक दिन में 2100 से ज्यादा यात्री धराए

कोलकाता: भारतीय रेलवे के सियालदह डिवीजन ने बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ एक बड़ा ‘स्पेशल टिकट चेकिंग ड्राइव’ चलाया है। इस सघन अभियान के दौरान पूरे डिवीजन में हड़कंप मच गया। रेल अधिकारियों ने महज कुछ घंटों के भीतर 2,182 ऐसे मामलों की पहचान की, जो बिना टिकट या गलत टिकट के साथ यात्रा कर रहे थे। इस कार्रवाई के जरिए रेलवे ने कुल ₹5,24,035 का जुर्माना वसूला है।
सियालदह डिवीजन के पीसीसीएम (PCCM) के नेतृत्व में ‘जागृति’ नामक एक विशेष ट्रेन के जरिए सियालदह-बनगांव सेक्शन के दमदम कैंटोनमेंट से बारासात स्टेशनों के बीच छापेमारी की गई। सुरक्षा बलों की सहायता से चेकिंग टीम ने न केवल चलती ट्रेनों में, बल्कि प्लेटफॉर्म पर खड़े यात्रियों के भी टिकट जांचे। रेलवे के अनुसार, पकड़े गए यात्रियों में से अधिकांश बिना टिकट वाले थे, जबकि कुछ के पास बिना बुकिंग वाला भारी सामान था।
रेलवे प्रशासन ने सख्त लहजे में कहा है कि टिकट से होने वाली आय का सीधा उपयोग रेल सेवाओं और बुनियादी ढांचे के विकास में होता है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपमानजनक स्थिति से बचने के लिए हमेशा बुकिंग काउंटर, एटीवीएम या ‘रेल वन’ ऐप का उपयोग कर वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि इस तरह के औचक निरीक्षण भविष्य में भी जारी रहेंगे ताकि नियम का पालन करने वाले यात्रियों को सुखद यात्रा का अनुभव मिल सके।