लक्ष्मी भंडार योजना पर बड़ी अपडेट! मार्च से खातों में आएंगे ₹1500 और ₹1700, नियमों में हुआ बड़ा बदलाव

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की ममता सरकार की सबसे महत्वाकांक्षी योजना ‘लक्ष्मी भंडार’ (Lakshmir Bhandar) को लेकर महिलाओं के लिए खुशखबरी है। राज्य सरकार ने न केवल लाभार्थियों की संख्या बढ़ाई है, बल्कि भत्ते की राशि में भी भारी बढ़ोतरी की है। अब सामान्य वर्ग की महिलाओं को ₹1500 और अनुसूचित जाति/जनजाति (SC/ST) वर्ग की महिलाओं को ₹1700 प्रति माह मिलेंगे। बढ़ा हुआ पैसा मार्च महीने से बैंक खातों में आना शुरू हो जाएगा।
हाल ही में ‘द्वारे सरकार’ कैंपों के माध्यम से करीब 1.25 लाख नए नाम इस सूची में जोड़े गए हैं। लेकिन, पैसा पाने के लिए सरकार ने कुछ कड़े नियम भी लागू किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, यदि आपका बैंक खाता आधार से लिंक नहीं है, तो आपकी राशि रुक सकती है। सबसे महत्वपूर्ण बदलाव यह है कि अब ‘ज्वाइंट अकाउंट’ में पैसा नहीं आएगा; लाभार्थी महिला का अपना सिंगल बैंक अकाउंट होना अनिवार्य है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 25 से 60 वर्ष की आयु वाली महिलाएं ही इस योजना की पात्र बनी रहेंगी। यदि पारिवारिक आय सीमा से अधिक है या आयु सीमा पार हो चुकी है, तो भत्ता बंद कर दिया जाएगा। नए लाभार्थियों को फरवरी से ही योजना का लाभ मिलना शुरू हो गया है। इसलिए, यदि आपने अभी तक आधार सीडिंग नहीं कराई है, तो इस महीने के अंत तक इसे जरूर पूरा कर लें, अन्यथा लक्ष्मी भंडार का लाभ मिलना बंद हो सकता है।