IND vs PAK: म्यूनिख से भी बुरा हाल! भारत से शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान में टूटे टीवी, अफरीदी ने दामाद को भी नहीं बख्शा

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सबसे बड़े मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से रौंदकर अपनी बादशाहत साबित कर दी है। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारत के 176 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की पूरी टीम महज 114 रनों पर ढेर हो गई। इस जीत के साथ ही सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने सुपर-8 की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिए हैं, जबकि पाकिस्तान के लिए आगे की राह बेहद मुश्किल हो गई है।

हार के बाद पाकिस्तान से ऐसी तस्वीरें सामने आ रही हैं जो वहां के समर्थकों के दर्द को बयां कर रही हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक फैन गुस्से में अपना टीवी तोड़ता नजर आ रहा है। मैच के बाद भारतीय ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने चुटकी लेते हुए कहा कि “अब पाकिस्तान हमारा प्रतिद्वंदी (Rival) कहलाने के लायक भी नहीं रहा।” वर्ल्ड कप इतिहास में अब भारत का पलड़ा 8-1 से भारी हो गया है।

वहीं, इस हार ने पाकिस्तान क्रिकेट में भूचाल ला दिया है। पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने अपने दामाद शाहीन अफरीदी समेत बाबर आजम और शादाब खान को टीम से बाहर कर युवाओं को मौका देने की वकालत की है। दिग्गज तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने भी पीसीबी और सीनियर खिलाड़ियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि बड़े मैचों में फिसड्डी साबित होने वाले इन खिलाड़ियों पर कब तक मेहरबानी दिखाई जाएगी? ग्रुप ए में भारत तीन जीत के साथ टॉप पर है, जबकि पाकिस्तान तीसरे स्थान पर खिसक गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *