चलती कार पर गिरा ४० क्विंटल का पोल, सपा नेता लाल बहादुर की मौत

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में रविवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जिसमें समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के नेता लाल बहादुर यादव (४८) की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना तब हुई जब एक पेट्रोल पंप पर लगाया जा रहा विशालकाय हाईमास्ट पोल अचानक उनकी चलती कार पर गिर गया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग दंग हैं।
जानकारी के मुताबिक, लाल बहादुर यादव बाबूगंज से प्रतापगढ़ की ओर जा रहे थे। रास्ते में एक पेट्रोल पंप के सामने क्रेन की मदद से लगभग ६५ फीट लंबा और ४० क्विंटल वजनी हाईमास्ट पोल स्थापित किया जा रहा था। पोल को ऊपर उठाते समय अचानक क्रेन का बेल्ट टूट गया और भारी-भरकम लोहे का खंभा सीधे लाल बहादुर की कार की छत पर जा गिरा। पोल के गिरते ही कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। चीख-पुकार सुनकर दौड़े राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी का दरवाजा काटकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इतने व्यस्त इलाके में बिना किसी सुरक्षा घेरे के यह काम किया जा रहा था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। पेट्रोल पंप संचालक और क्रेन चालक की भूमिका की जांच की जा रही है कि क्या सुरक्षा मानकों का उल्लंघन हुआ था। लाल बहादुर यादव सपा के एक समर्पित नेता थे और उन्होंने दो बार अंतु नगर पंचायत चुनाव भी लड़ा था। उनकी असामयिक मृत्यु से क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।