स्टेशन पर गंदगी फैलाई तो कटेगा चालान! पूर्व रेलवे ने एक साल में 71 हजार से ज्यादा लोगों पर लगाया जुर्माना

कोलकाता: भारतीय रेलवे स्टेशनों को आधुनिक बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है, लेकिन गुटखा-पान की पीक और गंदगी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। पूर्व रेलवे (Eastern Railway) ने इस संबंध में चौंकाने वाले आंकड़े जारी किए हैं। रेलवे के अनुसार, साल 2025 के दौरान स्टेशनों पर गंदगी फैलाने के आरोप में 71,180 लोगों को पकड़ा गया और उन पर रेलवे अधिनियम के तहत जुर्माना लगाया गया।
RPF कर्मियों ने हावड़ा, सियालदह, आसनसोल और मालदा डिवीजनों में साल भर सघन अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य यात्रियों के लिए एक स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना था। रेलवे का कहना है कि स्टेशनों को साफ रखने के लिए बार-बार घोषणाएं और जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं, फिर भी यात्रियों का एक वर्ग नियमों का उल्लंघन करता है।
पूर्व रेलवे ने यात्रियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि स्वच्छता एक सामूहिक जिम्मेदारी है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे कूड़ेदान (Dustbin) का उपयोग करें और परिसर को गंदा करने से बचें। रेलवे अब स्टेशनों पर चौबीसों घंटे निगरानी और भी कड़ी करने जा रहा है ताकि स्वच्छता के मानकों को बनाए रखा जा सके।