कोलकाता पुलिस का बड़ा फैसला: बदल गई कई थानों की सीमाएं, जानें अब आपका इलाका किस थाने में आएगा?

स्थानीय निवासियों को बेहतर और त्वरित पुलिस सेवा प्रदान करने के उद्देश्य से कोलकाता पुलिस ने थानों के अधिकार क्षेत्र (Jurisdiction) में एक बार फिर बड़ा फेरबदल किया है। पुलिस कमिश्नर सुप्रतिम सरकार के निर्देशानुसार, अलीपुर थाने के अधिकार क्षेत्र को कम कर दिया गया है, जबकि इकबालपुर और वाटगंज थानों का दायरा बढ़ा दिया गया है।

क्यों पड़ा बदलाव का दबाव? पिछले साल नवंबर में प्रशासनिक संतुलन बनाने के लिए अलीपुर थाने का विस्तार किया गया था। लेकिन इस बदलाव के बाद खिदिरपुर और फैंसी मार्केट जैसे व्यस्त इलाकों के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। छोटी सी शिकायत या जी़डी (GD) दर्ज कराने के लिए भी उन्हें काफी दूर अलीपुर थाना जाना पड़ता था। स्थानीय लोगों की इन्हीं परेशानियों को देखते हुए लालबाजार ने पुराने फैसले को संशोधित करने का निर्णय लिया है।

नए बदलाव के बाद की स्थिति: १६ फरवरी से प्रभावी हुए नए आदेश के अनुसार, सुधीर बसु रोड, एमएम अली रोड, भूकैलाश रोड और इब्राहिम अली रोड के कुछ हिस्से अब वापस इकबालपुर थाने के अंतर्गत आ गए हैं। वहीं, खिदिरपुर का प्रसिद्ध फैंसी मार्केट, मनसाताला लेन, हरिप्रिया स्ट्रीट और डायमंड हार्बर रोड का कुछ हिस्सा अब वाटगंज थाने के अधीन होगा।

प्रशासन का मानना है कि थानों की भौगोलिक दूरी कम होने से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में आसानी होगी और पुलिस किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत मौके पर पहुंच सकेगी। इस पुनर्निर्धारण से दक्षिण कोलकाता के एक बड़े हिस्से के नागरिकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *