बैंक लॉकर से 3.5 करोड़ का सोना पार! जुए की लत में डिप्टी मैनेजर ने ग्राहकों को लगाया चूना

बेंगलुरु से एक ऐसी सनसनीखेज खबर सामने आई है जिसने बैंकिंग सिस्टम पर भरोसा करने वाले आम लोगों की नींद उड़ा दी है। शहर के एक बैंक में तैनात डिप्टी मैनेजर ने ऑनलाइन जुए की लत को पूरा करने के लिए ग्राहकों के भरोसे का कत्ल कर दिया। आरोपी ने बैंक के लॉकर में रखे ग्राहकों के लगभग 2780 ग्राम सोने के गहने चोरी छिपे निकाल लिए और उन्हें एक फाइनेंस कंपनी में गिरवी रख दिया। इन गहनों की बाजार में कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपये आंकी गई है।

मामला तब रोशनी में आया जब बैंक के चीफ मैनेजर ने कुछ गड़बड़ी देखी और 5 फरवरी को गिरिनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी डिप्टी मैनेजर भारी मात्रा में ऑनलाइन जुआ खेलता था और कर्ज चुकाने के लिए उसने बैंक की सुरक्षा में सेंध लगाई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अब तक लगभग 700 ग्राम सोना बरामद करने में सफलता हासिल की है।

पुलिस के अनुसार, जिस फाइनेंस कंपनी में सोना गिरवी रखा गया है, वहां से जांच में पूरा सहयोग नहीं मिल रहा है, जिसके बाद अब पुलिस कानूनी कार्रवाई के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाएगी। पुलिस ने बैंक के अन्य ग्राहकों से भी अपील की है कि वे तुरंत अपने लॉकर की जांच करें। इस घटना ने एक बार फिर बैंक लॉकर की सुरक्षा और बैंक अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *