कोलकाता के कसबा में चलती कार में नाबालिग से छेड़छाड़! 5 लोगों पर FIR, शहर में हड़कंप

कोलकाता के पॉश इलाके कसबा में एक नाबालिग लड़की के साथ चलती कार में छेड़छाड़ का शर्मनाक मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार रात करीब 11 बजे न्यू बालीगंज रोड की है, जिसने शहर की रात की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्या है पूरा मामला? पीड़ित नाबालिग के अनुसार, शुक्रवार रात जब वह रास्ते से गुजर रही थी, तभी कुछ अज्ञात लोगों ने उसे जबरन एक कार में खींच लिया। कार के अंदर उसके साथ अश्लील हरकतें की गईं और छेड़छाड़ की गई। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बचकर भागने में सफल रही नाबालिग ने शनिवार को कसबा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कुल पांच लोगों के नाम शामिल किए गए हैं।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कोलकाता पुलिस की डीसी (SSD) चारु शर्मा ने बताया कि पुलिस ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है और आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। लालबाजार (कोलकाता पुलिस मुख्यालय) के सूत्रों के अनुसार, पीड़िता की मेडिकल जांच कराई जा रही है और महिला पुलिस अधिकारी उसका बयान दर्ज कर रही हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पीड़िता के परिचित थे या नहीं।
पुलिस की मुस्तैदी पर सवाल कोलकाता के पुलिस कमिश्नर सुप्रतिम सरकार लगातार शहर की सड़कों पर पुलिस गश्त बढ़ाने का दावा करते रहे हैं, लेकिन रात 11 बजे एक भीड़भाड़ वाले इलाके से नाबालिग का अपहरण और छेड़छाड़ पुलिस की दावों की पोल खोलती है। पुलिस फिलहाल इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दे रही है। इस घटना के बाद से कसबा और आसपास के इलाकों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता व्याप्त है।