दिल्ली में दुनिया के सबसे बड़े ‘AI इम्पैक्ट एक्सपो 2026’ का आगाज! पीएम मोदी ने किया भव्य उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार शाम दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित ‘भारत मंडपम’ में ‘AI Impact Expo 2026’ का उद्घाटन किया। शाम करीब 6 बजे मंच पर पहुंचे प्रधानमंत्री ने इस मेगा इवेंट की शुरुआत की। 17 से 20 फरवरी तक यह एक्सपो आम जनता के लिए खुला रहेगा। यह आयोजन भारत की तकनीकी प्रगति और भविष्य की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) क्रांति की ओर एक बड़ा कदम है।
दिग्गजों का जमावड़ा: इस एक्सपो में 30 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ-साथ दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों के सीईओ भी शामिल हो रहे हैं। माइक्रोसॉफ्ट के बिल गेट्स, ओपन एआई के सैम ऑल्टमैन, गूगल (अल्फाबेट) के सुंदर पिचाई, एडोब के शांतनु नारायण और डीपमाइंड के डेमिस हासाबिस जैसे नामचीन चेहरे इस सम्मेलन की शोभा बढ़ा रहे हैं। भारतीय स्टार्टअप्स, डेटा साइंटिस्ट और शोधकर्ताओं के लिए यह एक सुनहरा अवसर है।
क्या है खास? इस मेगा इवेंट में 13 देशों के पैवेलियन और 600 से अधिक हाई-पावर स्टार्टअप्स हिस्सा ले रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा कि यह आयोजन भारत की युवा शक्ति की क्षमताओं को प्रदर्शित करता है। उन्होंने इस इवेंट की थीम ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ बताई, जिसका अर्थ है कि एआई का विकास आम जनता की भलाई और खुशी के लिए होना चाहिए। दिल्ली का भारत मंडपम अगले चार दिनों तक वैश्विक तकनीक और नवाचार का केंद्र बना रहेगा।