शिव मंदिर में पूजा के दौरान दर्दनाक हादसा: मोमबत्ती की आग से झुलसी महिला, मंदिर में मची चीख-पुकार

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शिव मंदिर में जल चढ़ाने गई एक महिला भीषण हादसे का शिकार हो गई। पश्चिम मेदिनीपुर के क्षीरपाई नगरपालिका क्षेत्र के एक शिव मंदिर में सुतपा मिद्दा (45) नाम की महिला की नई साड़ी में मोमबत्ती से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और महिला मंदिर परिसर में ही जलने लगी।
कैसे हुई घटना? स्थानीय लोगों के अनुसार, पूजा के दौरान मंदिर में काफी भीड़ थी। सुतपा देवी जब शिवलिंग पर जल अर्पित कर रही थीं, तभी असावधानीवश उनकी साड़ी पास ही जल रही मोमबत्ती के संपर्क में आ गई। आग लगते ही मंदिर में भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाई, लेकिन तब तक महिला गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। उन्हें तुरंत मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। मंदिर समिति का कहना है कि बार-बार मना करने के बावजूद लोग मोमबत्तियां सही जगह नहीं रख रहे थे, जिससे यह हादसा हुआ।