पथुम निसांका के तूफान में उड़ा कंगारू दल! वर्ल्ड कप से चैंपियन ऑस्ट्रेलिया की विदाई तय?

2026 आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया अब ग्रुप चरण से ही बाहर होने की कगार पर है। ग्रुप ‘बी’ में ऑस्ट्रेलिया ने अब तक तीन मैच खेले हैं, जिसमें उन्हें केवल एक जीत नसीब हुई है, जबकि दो मैचों में करारी शिकस्त झेलनी पड़ी है। 2 अंकों के साथ ऑस्ट्रेलिया अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है। वहीं, श्रीलंका ने अपने तीनों मैच जीतकर 6 अंकों के साथ सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। अब सबकी नजरें जिम्बाब्वे पर हैं, जो 2 मैचों में 4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है और ऑस्ट्रेलिया से काफी बेहतर स्थिति में है।

लगातार दो हार ने बिगाड़ा खेल ऑस्ट्रेलिया ने अपने अभियान की शुरुआत आयरलैंड के खिलाफ 67 रनों की शानदार जीत से की थी, लेकिन उसके बाद टीम का प्रदर्शन ग्राफ तेजी से नीचे गिरा। पहले जिम्बाब्वे ने उन्हें 23 रनों से मात दी और फिर सोमवार रात श्रीलंका के खिलाफ उन्हें 8 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया का आखिरी मैच ओमान के खिलाफ है, लेकिन उससे पहले ही उनका बोरिया-बिस्तर बंध सकता है। यदि आज जिम्बाब्वे आयरलैंड को हरा देता है, तो वह 6 अंकों के साथ सुपर-8 में पहुंच जाएगा और ऑस्ट्रेलिया का सफर यहीं समाप्त हो जाएगा।

पथुम निसांका का ऐतिहासिक शतक श्रीलंका के खिलाफ मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 181 रन बनाए थे। जवाब में श्रीलंका ने केवल 18 ओवरों में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और इस विश्व कप का पहला शतक जड़ा। निसांका ने मात्र 52 गेंदों में नाबाद 100 रनों की पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 5 छक्के शामिल थे। निसांका की इस पारी ने ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अब ऑस्ट्रेलियाई फैंस को चमत्कार की उम्मीद है, लेकिन समीकरण पूरी तरह जिम्बाब्वे के पक्ष में हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *