बंगाल में CPM को बड़ा झटका! युवा तुर्क प्रतीक उर रहमान थामेंगे ममता का हाथ? इसी हफ्ते हो सकता है खुलासा

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले माकपा (CPM) को एक और करारा झटका लगने वाला है। दक्षिण 24 परगना के मगरहाट पश्चिम से पार्टी के तेजतर्रार युवा नेता प्रतीक उर रहमान जल्द ही तृणमूल कांग्रेस (TMC) में शामिल हो सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, इसी सप्ताह टीएमसी के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में वे औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ले सकते हैं। इस खबर ने अलीमुद्दीन स्ट्रीट से लेकर कालीघाट तक सियासी सरगर्मी बढ़ा दी है।
प्रतीक उर रहमान न केवल एक छात्र नेता रहे हैं, बल्कि मगरहाट और आसपास के अल्पसंख्यक बहुल इलाकों में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। चर्चा है कि प्रतीक ने भाजपा की ‘सांप्रदायिक राजनीति’ के खिलाफ लड़ने के लिए तृणमूल को सबसे सक्षम मंच माना है। हालांकि, भाजपा ने इस संभावित दलबदल पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी नेता राजर्षि लाहिड़ी ने कहा, “सीपीएम और टीएमसी एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। जो लोग फिश फ्राई और कॉफी का आनंद लेकर राजनीति करते हैं, उनके लिए घर बदलना कोई नई बात नहीं है।”
तृणमूल कांग्रेस के भीतर भी प्रतीक के आने को लेकर उत्साह है। जिला नेताओं का मानना है कि प्रतीक जैसे युवा और जुझारू चेहरे के आने से पार्टी की संगठनात्मक शक्ति बढ़ेगी। वहीं, सीपीएम नेतृत्व ने फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है और इसे ‘सोशल मीडिया की चर्चा’ करार दिया है। अब सबकी नजरें इस सप्ताह के अंत पर टिकी हैं, जब मगरहाट के इस ‘युवा आइकन’ के राजनीतिक भविष्य का फैसला होगा।