“मैं ४४० वोल्ट हूँ, पंगा मत लेना!” ममता बनर्जी की केंद्र और चुनाव आयोग को सीधी चेतावनी

पश्चिम बंगाल में २०२६ के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बड़ा राजनीतिक तूफान आने का संकेत दिया है। मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दीदी का कड़ा तेवर देखने को मिला। उन्होंने न केवल केंद्र सरकार पर हमला बोला, बल्कि चुनाव आयोग को ‘तुगलकी आयोग’ करार देते हुए बड़ी चेतावनी दी। ममता ने साफ कहा कि अगर उन्हें रोकने की कोशिश की गई, तो वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यानी ‘वर्ल्ड वाइड’ प्रचार शुरू करेंगी।

ममता बनर्जी ने आयोग और विरोधियों को ललकारते हुए कहा, “अगर आप सीमा पार करेंगे, तो आपको छक्का खाना पड़ेगा। मैं ४४० वोल्ट का करंट हूँ, मुझसे उलझना महंगा पड़ेगा।” उन्होंने एसआईआर (SIR) मुद्दे पर हो रही मौतों और अधिकारियों के निलंबन पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अब तक उन्होंने शालीनता बनाए रखी थी, लेकिन अब वह चुप नहीं बैठेंगी। ममता के मुताबिक, “अगर आप जनता के अधिकार छीनेंगे, तो मैं पलटवार करूँगी।”

राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा तेज है कि ममता किस ‘राज’ को सार्वजनिक करने की धमकी दे रही हैं। उन्होंने विरोधियों से कहा कि बदला लेना है तो उनसे लें, जनता को परेशान न करें। ममता ने यह भी दावा किया कि २०२६ के बाद केंद्र में यह सरकार नहीं रहेगी। ‘वर्ल्ड वाइड’ प्रचार की उनकी धमकी ने राष्ट्रीय राजनीति में हलचल मचा दी है, जिससे संकेत मिलता है कि चुनाव से पहले वह कोई बड़ा खुलासा कर सकती हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *