पेसर से बने ‘स्पिनर’! शोएब अख्तर ने रातों-रात बदली अपनी बात, पीसीबी चेयरमैन की तारीफ में पढ़े कसीदे

पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज शोएब अख्तर इन दिनों अपनी गेंदबाजी नहीं, बल्कि अपनी बातों के ‘यू-टर्न’ के लिए सुर्खियों में हैं। भारत के हाथों वर्ल्ड कप में मिली ६१ रनों की शर्मनाक हार के बाद शोएब ने पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी को ‘अयोग्य’ करार दिया था। लेकिन हैरानी की बात यह है कि महज २४ घंटे के भीतर उन्होंने अपनी बात पलट दी और अब नकवी की तारीफों के पुल बांध रहे हैं।

शोएब अख्तर ने अपनी सफाई में कहा कि उन्होंने कभी नकवी को निशाना नहीं बनाया था और उनके शब्दों को भारतीय मीडिया ने तोड़-मरोड़ कर पेश किया। उन्होंने नकवी को एक ‘अच्छा इंसान’ बताते हुए कहा कि वह वास्तव में पाकिस्तान क्रिकेट का भला चाहते हैं, लेकिन उन्हें सही सलाह नहीं मिलती।

बता दें कि मैच के तुरंत बाद शोएब का लहजा बेहद आक्रामक था, जहाँ उन्होंने बोर्ड और खिलाड़ियों की जमकर क्लास लगाई थी। रातों-रात उनके इस हृदय परिवर्तन को देखकर क्रिकेट फैंस सोशल मीडिया पर उनका मजाक उड़ा रहे हैं और इसे बोर्ड का दबाव बता रहे हैं। पाकिस्तान क्रिकेट में जारी यह उथल-पुथल साफ इशारा कर रही है कि हार के बाद वहां सब कुछ ठीक नहीं है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *