टी20 वर्ल्ड कप में ‘ईशान 2.0’ का धमाका! पाकिस्तान के खिलाफ 40 गेंदों में 77 रन ठोक मचाया कोहराम

भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबले से पहले सारी चर्चा अभिषेक शर्मा को लेकर थी। लेकिन जब मैदान पर असल जंग शुरू हुई, तो महफिल लूट ली ईशान किशन ने। करीब दो साल तक टीम से बाहर रहने और बीसीसीआई के केंद्रीय अनुबंध से हाथ धोने के बाद ईशान ने जो वापसी की है, वह किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। टी20 वर्ल्ड कप में ईशान किशन एक नए और बेहद खतरनाक अवतार में नजर आ रहे हैं।
घरेलू क्रिकेट से मिली संजीवनी: ईशान की इस बदली हुई बल्लेबाजी की सबसे बड़ी वजह उनका घरेलू क्रिकेट में वापस लौटना है। झारखंड के लिए रणजी ट्रॉफी खेलकर उन्होंने अपनी तकनीक पर काम किया। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उनके अविश्वसनीय प्रदर्शन ने उन्हें फिर से चयनकर्ताओं की नजरों में ला खड़ा किया। शुभमन गिल का टी20 से बाहर होना और संजू सैमसन की फॉर्म में गिरावट ने ईशान के लिए रास्ता साफ कर दिया।
पाकिस्तान के खिलाफ तबाही: पाकिस्तान के खिलाफ मैच में जब टीम इंडिया दबाव में थी, तब ईशान ने महज 40 गेंदों में 77 रनों की आतिशी पारी खेली। उनकी इस पारी ने पाकिस्तान की रणनीतियों को धुआं-धुआं कर दिया। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने उनकी परिपक्वता की तारीफ करते हुए कहा कि दबाव में उन्होंने जिम्मेदारी से बल्लेबाजी की। पाक कोच माइक हेसन ने भी माना कि ईशान के पास मैदान के हर कोने में रन बनाने की क्षमता है, जिससे स्पिनरों के लिए उन्हें रोकना मुश्किल हो गया।
ईशान और तिलक वर्मा के बीच 46 गेंदों में 87 रनों की साझेदारी मैच का टर्निंग पॉइंट रही। ईशान अब सिर्फ आक्रामक ही नहीं, बल्कि एक सोचे-समझे और सुनियोजित तरीके से बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।