इमरान खान की जान बचाओ! कपिल देव और गावस्कर ने शाहबाज सरकार को लिखी चिट्ठी, की ये बड़ी मांग

जेल में बंद इमरान खान के इलाज के लिए पाकिस्तान को अल्टीमेटम! कोलकाता: मैदान पर भले ही इनके बीच कड़ी टक्कर रही हो, लेकिन मुसीबत के वक्त भारतीय दिग्गज कपिल देव और सुनील गावस्कर ने दिखा दिया कि इंसानियत और दोस्ती सबसे ऊपर है। पाकिस्तान की जेल में ८०० से अधिक दिनों से बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बिगड़ती सेहत ने पूरी दुनिया को हिला कर रख दिया है। अब इमरान के हक में ५ देशों के १४ पूर्व कप्तानों ने एकजुट होकर पाकिस्तान सरकार को पत्र लिखा है।
आंखों की रोशनी पर संकट: इमरान खान के वकील ने हाल ही में दावा किया था कि जेल में खराब सुविधाओं के कारण इमरान की दाईं आंख की दृष्टि ८५% तक खत्म हो गई है। उनकी बहन अलीमा खान ने भी जेल प्रशासन पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। इन खबरों के बाद गावस्कर, कपिल देव, स्टीव वॉ, एलन बॉर्डर और नासिर हुसैन जैसे दिग्गजों ने प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को लिखे पत्र में कहा है, “एक विश्व विजेता कप्तान के साथ इस तरह का व्यवहार अस्वीकार्य है। हम मांग करते हैं कि इमरान को तुरंत विश्व स्तरीय चिकित्सा सुविधा दी जाए।”
ये दिग्गज खिलाड़ी, जिन्होंने कभी इमरान के खिलाफ मैदान पर कप्तानी की थी, आज उनकी सेहत के लिए एक सुर में आवाज उठा रहे हैं। क्रिकेट जगत का यह कदम शाहबाज सरकार पर अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ाने के लिए काफी है।