चुनाव से पहले ममता की बढ़ी मुश्किलें! धुपगुड़ी के दबंग नेता का विवादित वीडियो वायरल, बैकफुट पर सत्तापक्ष

पश्चिम बंगाल के धूपगुड़ी में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर चल रही आपसी कलह ने अब खतरनाक मोड़ ले लिया है। INTTUC के ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष बीरेन रॉय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल रहा है, जिसमें वे खुलेआम प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन KLO (कामतापुर लिबरेशन ऑर्गनाइजेशन) में शामिल होने की धमकी दे रहे हैं। चुनाव से ठीक पहले एक सत्ताधारी नेता का आतंकी संगठन के प्रति ऐसा झुकाव पार्टी के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है।
विधायक के खिलाफ निकाला गुस्सा: वायरल वीडियो में बीरेन रॉय को जलपाईगुड़ी जिला टीएमसी महासचिव राजेश कुमार सिंह के कार्यालय में बैठकर धूपगुड़ी के विधायक निर्मल चंद्र रॉय के खिलाफ जमकर गुस्सा निकालते देखा जा रहा है। इसी दौरान उन्होंने कहा कि अगर विधायक की मनमानी बंद नहीं हुई, तो वे पार्टी छोड़ देंगे और जरूरत पड़ने पर KLO का दामन थाम लेंगे।
बीरेन रॉय की सफाई: विवाद बढ़ता देख बीरेन रॉय ने सफाई दी है कि यह एक निजी बातचीत थी जिसे पार्टी के ही किसी दुश्मन ने जानबूझकर रिकॉर्ड कर वायरल कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें फंसाने की साजिश रची गई है। हालांकि, इस वीडियो ने उत्तर बंगाल में टीएमसी की गुटबाजी को सड़क पर ला दिया है।
टीएमसी की छवि पर दाग: उत्तर बंगाल में अलगाववाद हमेशा से एक संवेदनशील मुद्दा रहा है। ऐसे में टीएमसी नेता की यह धमकी पार्टी की छवि को भारी नुकसान पहुंचा रही है। स्थानीय बीजेपी और अन्य विपक्षी दलों ने इस मुद्दे पर ममता सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। टीएमसी के शीर्ष नेता अब इस मामले को शांत करने की कोशिश में जुटे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है।