भारत से छिड़ सकती है चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी! ICC के इस बड़े कदम से क्रिकेट जगत में हड़कंप

क्रिकेट जगत से एक ऐसी खबर आ रही है जो भारतीय प्रशंसकों को निराश कर सकती है। भारत और पाकिस्तान के बीच लगातार खराब होते संबंधों का असर अब मैदान पर दिखने लगा है। खबर है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) साल 2029 की चैंपियंस ट्रॉफी और 2031 के वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी भारत से छीनकर किसी अन्य देश को सौंपने पर विचार कर रही है।
ऑस्ट्रेलियाई मीडिया का दावा: ऑस्ट्रेलियाई समाचार पत्र ‘द एज’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, यदि भारत से इन दो बड़ी प्रतियोगिताओं की मेजबानी छिनती है, तो ऑस्ट्रेलिया इस रेस में सबसे आगे है। ऑस्ट्रेलिया ने पहले भी 2015 वनडे वर्ल्ड कप और 2022 टी20 वर्ल्ड कप का शानदार आयोजन किया है, जिससे ICC का उन पर भरोसा बढ़ा है।
हाइब्रिड मॉडल बना गले की फांस: दरअसल, भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे विवाद के कारण ICC को ‘हाइब्रिड मॉडल’ का सहारा लेना पड़ रहा है, जिसमें टीमें तटस्थ स्थानों पर खेलती हैं। 2025 चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर भी ऐसा ही विवाद हुआ था। ICC का मानना है कि इस मॉडल से रसद (Logistics), यात्रा और होटलों का खर्च काफी बढ़ जाता है। इसके अलावा, बांग्लादेश ने भी अब तटस्थ स्थानों पर खेलने की इच्छा जताई है, जिससे स्थिति और जटिल हो गई है। बार-बार यात्रा करने से खिलाड़ियों की थकान और खर्चों में भारी बढ़ोतरी को देखते हुए ICC अब ऐसे देश में टूर्नामेंट कराना चाहता है जहां सभी टीमें बिना किसी राजनीतिक बाधा के खेल सकें।
क्या भारत का बाजार बचा पाएगा मेजबानी? हालांकि, ICC के लिए भारत से टूर्नामेंट हटाना इतना आसान नहीं होगा। क्रिकेट की दुनिया का सबसे बड़ा राजस्व (Revenue) भारत से आता है। विज्ञापन से लेकर टिकटों की बिक्री तक, भारत जैसा मुनाफा कोई और देश नहीं दे सकता। ऐसे में विशेषज्ञों का मानना है कि ICC भारी मुनाफे को छोड़ने का जोखिम शायद ही उठाए। लेकिन अगर सुरक्षा और लॉजिस्टिक की समस्या बढ़ती है, तो 2029 और 2031 के टूर्नामेंट का स्थान बदलना तय माना जा रहा है।