लंच ब्रेक बना आखिरी सफर! ऑफिस के बाहर निकलते ही मौत ने झपटा, बेंगलुरु में युवा बैंक कर्मचारी की दर्दनाक मौत
बेंगलुरु के राजाजीनगर इलाके से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। एचडीएफसी (HDFC) बैंक में कार्यरत 27 वर्षीय योगेश्वरी मंगलवार को हमेशा की तरह अपने काम पर गई थीं। दोपहर में लंच ब्रेक के दौरान वह अपने एक सहकर्मी के साथ ऑफिस के बाहर खाना खाने निकली थीं, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे का सीसीटीवी फुटेज रोंगटे खड़े कर देने वाला है। फुटेज में दिख रहा है कि योगेश्वरी डॉक्टर राजकुमार रोड पर सड़क पार करने की कोशिश कर रही थीं। उनके सहकर्मी ने बाइक को आते देख खुद को रोक लिया, लेकिन योगेश्वरी ने तेजी से निकलने की कोशिश की। बाइक की रफ्तार इतनी तेज थी कि उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला। टक्कर के बाद वह सड़क पर काफी दूर जा गिरीं। गंभीर रूप से घायल योगेश्वरी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन आंतरिक रक्तस्राव (Internal Bleeding) के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी बाइक सवार की पहचान 22 वर्षीय दीपन के रूप में हुई है, वह भी इस हादसे में घायल हुआ है। बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा लेआउट की रहने वाली योगेश्वरी के परिवार में इस घटना के बाद कोहराम मच गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी को इस हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।