‘बंगाल में मछली-मांस होगा बैन’: बीजेपी की जीत को लेकर ममता बनर्जी का सबसे बड़ा दावा!
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर कड़ा हमला बोलते हुए दावा किया कि यदि बीजेपी बंगाल की सत्ता में आती है, तो यहां मछली और मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा।
ममता बनर्जी ने बिहार के उपमुख्यमंत्री के कथित बयान का जिक्र करते हुए कहा, “मैंने सुना है कि बिहार में कहा जा रहा है कि खुले बाजार में मांस नहीं बेचा जा सकता। क्या अब हर कोई मछली खरीदने शॉपिंग मॉल जाएगा? बंगाल में हमारे अधिकांश मछली विक्रेता सड़क किनारे ताजी मछली बेचकर अपनी रोजी-रोटी कमाते हैं। बीजेपी की राजनीति इन गरीब लोगों के पेट पर लात मारने वाली है।” उन्होंने आगे कहा कि वह खान-पान पर इस तरह की पाबंदियों की कड़ी निंदा करती हैं।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने मतदाता सूची संशोधन (SIR) के मुद्दे पर चुनाव आयोग को भी ‘तुगलकी’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के इशारे पर चुनाव से ठीक तीन महीने पहले यह प्रक्रिया अपनाई जा रही है ताकि वोटर्स को परेशान किया जा सके। ममता बनर्जी ने अधिकारियों को धमकाने की राजनीति का विरोध करते हुए कहा कि २०२६ के बाद केंद्र की सत्ता में बड़ा बदलाव आएगा और वह जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं।