अभिषेक बनर्जी का बड़ा धमाका! चुनाव आयोग के ‘अंदरूनी चैट’ लीक, वोटर लिस्ट में हेरफेर का लगाया आरोप
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने चुनाव आयोग के भीतर की ‘वॉट्सऐप चैट’ लीक कर एक बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। अभिषेक का आरोप है कि चुनाव आयोग के विशेष रोल ऑब्जर्वर सी. मुरुगन सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का खुलेआम उल्लंघन कर रहे हैं। अभिषेक ने सोशल मीडिया पर चैट का स्क्रीनशॉट साझा करते हुए दावा किया कि आधिकारिक चैनलों के बजाय वॉट्सऐप के जरिए वोटरों के नाम हटाने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
अभिषेक बनर्जी ने ट्वीट कर पूछा, “क्या चुनाव आयोग को लगता है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का खुलेआम उल्लंघन किया जा सकता है?” उन्होंने याद दिलाया कि शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया था कि माइक्रो ऑब्जर्वर्स की भूमिका केवल सहायक होगी, लेकिन लीक चैट में वे सीधे निर्देश देते नजर आ रहे हैं। अभिषेक का आरोप है कि जानबूझकर जन्म प्रमाण पत्र की स्वीकार्यता पर सवाल उठाकर एक खास समुदाय के वोटरों के नाम हटाए जा रहे हैं।
इतना ही नहीं, अभिषेक ने डिजिटल धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि जिला स्तर के अधिकारियों की लॉग-इन आईडी का इस्तेमाल कोलकाता के एक केंद्रीय स्थान से किया जा रहा है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि स्वतंत्र जांच हो, तो आईपी एड्रेस और टावर लोकेशन से साबित हो जाएगा कि दिल्ली में बैठे ‘राजनीतिक आकाओं’ के इशारे पर यह सब हो रहा है। इस खुलासे के बाद पश्चिम बंगाल में चुनावी निष्पक्षता को लेकर एक बार फिर बहस छिड़ गई है।