बशीरहाट में हाई-वोल्टेज ड्रामा: बीजेपी की बैठक पर हमला, खूनखराबे के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक हिंसा की आग एक बार फिर भड़क उठी है। उत्तर 24 परगना के मिनाखां स्थित बामुनपुकुर में बीजेपी के पार्टी कार्यालय पर हमले की खबर से हड़कंप मच गया है। बीजेपी का आरोप है कि जब उनके कार्यकर्ता आगामी चुनाव को लेकर संगठनात्मक बैठक कर रहे थे, तभी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के गुंडों ने उन पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस घटना में करीब 10-11 कार्यकर्ता घायल हुए हैं और पार्टी के कई सदस्यों के लापता होने की भी खबर है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे उपद्रवियों ने कार्यालय के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाया और एक-एक कर लगभग 35 बाइकों को तोड़ दिया। बीजेपी के बशीरहाट संगठनात्मक जिला अध्यक्ष सुकल्याण वैद्य ने सीधा आरोप लगाया कि टीएमसी नेता सैफुद्दीन के नेतृत्व में यह हमला हुआ है। उन्होंने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि थाना पास होने के बावजूद पुलिस तमाशबीन बनी रही। बाद में एसपी के हस्तक्षेप के बाद ही कार्यकर्ताओं को वहां से निकाला जा सका।

पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से इलाके में झंडे लगाने को लेकर दोनों गुटों में तनाव चल रहा था। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। टीएमसी की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन इस घटना ने चुनावी माहौल को और भी गरमा दिया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *