इमरान खान के लिए मैदान में उतरे सौरव गांगुली! गावस्कर-कपिल के साथ ‘दादा’ ने उठाई आवाज़

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और दिग्गज क्रिकेटर इमरान खान की जेल में बिगड़ती हालत को देख अब भारतीय क्रिकेट के ‘दादा’ सौरव गांगुली का दिल भी पसीज गया है। पिछले दो साल से जेल की सलाखों के पीछे बंद इमरान खान की सेहत को लेकर दुनिया भर में चिंता बढ़ रही है। रिपोर्ट्स की मानें तो जेल में टॉर्चर की वजह से इमरान की एक आंख की रोशनी धीरे-धीरे खत्म हो रही है। इस मानवीय संकट को देखते हुए सौरव गांगुली ने अब सुनील गावस्कर और कपिल देव जैसे दिग्गजों का साथ देते हुए इमरान के उचित इलाज की मांग की है।

हाल ही में इयान चैपल, क्लाइव लॉयड और नासिर हुसैन सहित दुनिया के 14 महान कप्तानों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को एक पत्र लिखकर इमरान खान को सम्मानजनक विदाई और बेहतर चिकित्सा सुविधा देने का अनुरोध किया है। दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान जब सौरव गांगुली से इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “गावस्कर और अन्य दिग्गजों ने बिल्कुल सही कदम उठाया है। इमरान खान ने क्रिकेट के मैदान और राजनीति, दोनों जगहों पर पाकिस्तान का नाम रोशन किया है। यह बेहद जरूरी है कि उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखा जाए। मैं उम्मीद करता हूं कि उन्हें जल्द ही सही इलाज मिलेगा।”

इमरान खान के बेटों ने भी हाल ही में उनके मानसिक उत्पीड़न का दावा किया था। वसीम अकरम और शोएब अख्तर जैसे पाक दिग्गज भी पहले ही इमरान के लिए गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब गांगुली के इस समर्थन ने मामले को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और भी गरमा दिया है। गांगुली का मानना है कि खेल और मानवता राजनीति से ऊपर है, और 1992 के वर्ल्ड कप विजेता को इस हाल में छोड़ना खेल भावना के खिलाफ है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *