दिल दहला देने वाली वारदात! दूसरी कक्षा की बच्ची से दुष्कर्म के बाद पानी के ड्रम में डुबोकर मारा

आंध्र प्रदेश के अन्नामय्या जिले के मदनपल्ले इलाके से एक ऐसी खबर आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। यहाँ एक सात साल की मासूम बच्ची के साथ उसके पड़ोसी ने न केवल दरिंदगी की, बल्कि उसकी हत्या कर शव को पानी के ड्रम में छिपा दिया। आरोपी की पहचान ३० वर्षीय कुलवर्धन के रूप में हुई है, जो नशे का आदी है। यह घटना सोमवार की है, जब दूसरी कक्षा में पढ़ने वाली यह बच्ची अचानक लापता हो गई थी।

पुलिस की जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे रूह कपां देने वाले हैं। आरोपी कुलवर्धन ने पहले बच्ची को अगवा किया, उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर उसे पानी से भरे ड्रम में डुबोकर मार डाला। हैवानियत की हद तो तब पार हो गई जब हत्या के बाद आरोपी उसी कमरे में बच्ची की लाश के साथ चैन की नींद सो गया। जब पुलिस सोमवार देर रात तलाशी के लिए उसके घर पहुंची, तो उसे खिड़की से सोता हुआ देखकर वापस लौट गई। मंगलवार सुबह जब पुलिस दोबारा आई और दरवाजा तोड़ा, तो ड्रम के अंदर बच्ची का शव मिला।

इस जघन्य अपराध की खबर फैलते ही इलाके में भारी तनाव फैल गया। गुस्साए लोगों ने मदनपल्ले-चेन्नई हाईवे जाम कर दिया और आरोपी को तुरंत फांसी देने की मांग की। बच्ची के परिजनों ने शुरू में पोस्टमार्टम का विरोध किया, लेकिन पुलिस की समझाइश के बाद शाम को शव भेजा गया। आरोपी कुलवर्धन का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है और मासूमों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *