“वो ४२० हैं तो मैं ४४० वोल्ट हूं!” ममता बनर्जी का बीजेपी और चुनाव आयोग पर करारा हमला

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को बीजेपी और चुनाव आयोग (EC) के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ा बयान दिया है। ममता ने आरोप लगाया कि अगर बीजेपी सत्ता में आती है, तो वे बंगाल में मछली और मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगा देंगे। उन्होंने कहा, “बिहार के उपमुख्यमंत्री कह रहे हैं कि खुले बाजार में मांस नहीं बिकेगा। तो क्या अब गरीब लोग शॉपिंग मॉल जाएंगे? हमारे मछुआरों की रोजी-रोटी छीनने की साजिश हो रही है।”

चुनाव आयोग पर निशाना: वोटर लिस्ट में नाम सुधार (SIR) की प्रक्रिया को लेकर उन्होंने चुनाव आयोग को ‘तुगलकी’ करार दिया। ममता ने कहा कि केंद्र सरकार रेलवे और एलआईसी (LIC) जैसे संस्थानों से अपने चहेते लोगों को माइक्रो-ऑब्जर्वर बनाकर भेज रही है ताकि विपक्ष के वोट काटे जा सकें। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) से सीधा सवाल किया, “रिटायरमेंट के बाद आपको कौन सा पद चाहिए—राज्यपाल या राष्ट्रपति? आप किसके इशारे पर काम कर रहे हैं?”

“मैं हूं ४४० वोल्ट”: मुख्यमंत्री ने उन अधिकारियों का बचाव किया जिन पर आयोग ने कार्रवाई की है। उन्होंने कहा, “आयोग जिन्हें डिमोट करेगा, मेरी सरकार उन्हें प्रमोट करेगी। हम अपने अधिकारियों के साथ खड़े हैं।” उन्होंने बीजेपी को चेतावनी देते हुए कहा, “अगर आप लोग ४२० (धोखेबाज) हैं, तो याद रखिए मैं ४४० वोल्ट का करंट हूं। बंगाल कभी सिर नहीं झुकाएगा।”

बीजेपी की नीतियों पर प्रहार: ममता ने मणिपुर हिंसा, उन्नाओ कांड और पेगासस जैसे मुद्दों पर भी केंद्र को घेरा। उन्होंने कहा कि बीजेपी सिर्फ बंगाल में एनआईए (NIA) भेजती है, लेकिन मणिपुर के जलने पर चुप रहती है। उन्होंने चुनौती दी कि अगर वैध वोटरों के नाम काटे गए, तो जनता इसका मुंहतोड़ जवाब देगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *