रोबोट डॉग विवाद: गैलगोटियास यूनिवर्सिटी ने मांगी माफी! कहा- ‘कैमरे के सामने उत्साह में दी गलत जानकारी’

पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर चल रहे भारी विवाद और आलोचना के बाद आखिरकार नोएडा स्थित गैलगोटियास यूनिवर्सिटी ने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है। दिल्ली में आयोजित ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ में एक चीनी रोबोटिक कुत्ते को अपना प्रोजेक्ट बताने के मामले में यूनिवर्सिटी ने खेद व्यक्त किया है। उनका तर्क है कि एक प्रतिनिधि ने “कैमरे पर आने के उत्साह में” गलत तथ्य पेश कर दिए थे।
क्या था विवाद? मामला तब शुरू हुआ जब एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें यूनिवर्सिटी की एक प्रोफेसर रोबोटिक कुत्ते को “ओरियन” (Orion) नाम से अपना आविष्कार बता रही थीं। बाद में खुलासा हुआ कि यह रोबोट चीनी कंपनी ‘Unitree’ का ‘Unitree Go2’ मॉडल है, जिसकी कीमत करीब २.३ लाख रुपये है। सोशल मीडिया पर इसे “तकनीकी चोरी” और “झूठा प्रचार” करार दिया गया।
यूनिवर्सिटी की सफाई: १८ फरवरी को जारी प्रेस विज्ञप्ति में यूनिवर्सिटी ने कहा कि संबंधित प्रतिनिधि को तकनीकी जानकारी नहीं थी और वह मीडिया से बात करने के लिए अधिकृत भी नहीं था। “बिना स्रोत जाने और कैमरे के सामने उत्साहित होकर दी गई जानकारी” के कारण यह भ्रम पैदा हुआ। यूनिवर्सिटी ने स्पष्ट किया कि वे इनोवेशन को गलत तरीके से पेश करने का कोई इरादा नहीं रखते थे और वे शैक्षणिक ईमानदारी के प्रति प्रतिबद्ध हैं।
समिट से विदाई: हालांकि यूनिवर्सिटी ने दावा किया है कि उन्होंने “आयोजकों के मूड को देखते हुए” स्वेच्छा से स्टॉल हटाया, लेकिन सरकारी सूत्रों का कहना है कि विवाद के बाद उन्हें बाहर जाने के लिए कहा गया था। इस घटना ने भारतीय शिक्षण संस्थानों की पारदर्शिता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके प्रदर्शन के मानकों पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।