उच्च माध्यमिक गणित पेपर में बड़ी गड़बड़ी: 10 नंबर के प्रश्न आउट ऑफ सिलेबस, अब सबको मिलेंगे पूरे अंक

पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद (WBCHSE) ने गुरुवार को आयोजित गणित की परीक्षा के प्रश्नपत्र में त्रुटियों को स्वीकार करते हुए छात्रों के लिए एक बड़ी राहत की घोषणा की है। छात्रों और शिक्षकों की शिकायतों के बाद बोर्ड ने माना कि गणित के पेपर में कुल 10 अंकों के तीन प्रश्न सिलेबस के बाहर से पूछे गए थे।
किसे मिलेंगे पूरे अंक? बोर्ड द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, प्रश्न संख्या 2B, 11B और 11C आउट ऑफ सिलेबस थे। परिषद ने निर्णय लिया है कि जिन छात्रों ने इन प्रश्नों को हल करने का प्रयास किया है, उन्हें पूरे 10 अंक दिए जाएंगे। शिक्षकों का दावा था कि डिफरेंशियल इक्वेशन (Differential Equation) से जुड़े ये सवाल वर्तमान पाठ्यक्रम का हिस्सा नहीं थे।
छात्रों के हित में कदम इस वर्ष उच्च माध्यमिक परीक्षा में 5 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। सिलेबस के बाहर से कठिन और समय लेने वाले प्रश्न आने के कारण छात्रों में भारी तनाव था। शिक्षाविदों का कहना है कि इस सत्र में समय कम मिलने के कारण छात्र पहले से ही दबाव में थे, ऐसे में बोर्ड के इस ‘बोनस’ अंक वाले फैसले से लाखों छात्रों को राहत मिलेगी और उनके रिजल्ट पर नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ेगा।