रूह कंपाने वाली घटना! लेबर पेन नहीं हुआ बर्दाश्त, तो मां ने खुद चाकू से काट डाला अपना पेट!

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसे सुनकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं। एक गर्भवती महिला ने प्रसव पीड़ा (Labor Pain) से तंग आकर रसोई में इस्तेमाल होने वाले चाकू से अपना ही पेट काट लिया। यह दिल दहला देने वाली घटना फखरपुर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, 35 वर्षीय नानकाई के पति का करीब छह महीने पहले निधन हो गया था। गुरुवार दोपहर जब उसे अचानक लेबर पेन शुरू हुआ, तो दर्द असहनीय हो गया। घर में अकेले होने और दर्द से बेहाल होने के कारण उसने सब्जी काटने वाले चाकू से अपने पेट पर गहरा घाव कर दिया। चीख-पुकार सुनकर जब पड़ोसी पहुंचे, तो मंजर देख उनकी रूह कांप गई।
महिला को तुरंत एम्बुलेंस से फखरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां उसने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। हालांकि, महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। अस्पताल के कर्मचारियों के अनुसार, जब उसे लाया गया तो उसकी आंतें बाहर आ चुकी थीं और भारी मात्रा में खून बह रहा था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सोशल मीडिया पर महिला का बयान भी वायरल हो रहा है जिसमें उसने दर्द की वजह से ऐसा कदम उठाने की बात कही है।