ज़ी बांग्ला के ‘चिरोदिनी तुमी जे आमार’ में फिर हंगामा! क्या विलेन ‘मीरा’ को शो से निकाला गया?

ज़ी बांग्ला के मशहूर सीरियल ‘चिरोदिनी तुमी जे आमार’ (Chirodini Tumi Je Aammar) में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। लीड एक्ट्रेस के बदले जाने के बाद अब शो की मुख्य नेगेटिव किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस तन्वी लाहा रॉय (Tanwi Laha Roy) के शो छोड़ने की खबरों ने तूल पकड़ लिया है। तन्वी ने सोशल मीडिया पर एक ऐसा पोस्ट शेयर किया है, जिसने उनके फैंस को हैरान कर दिया है।
तन्वी ने अपनी एक तस्वीर के साथ कैप्शन में लिखा, “मेरी कहानी अधूरी ही रह गई।” जब प्रशंसकों ने उनसे वापसी के बारे में पूछा, तो उन्होंने जवाब दिया, “शायद वे (मेकर्स) अब मुझे नहीं चाहते, जबकि आप लोग चाहते हैं। बहुत सारा प्यार।” उनके इस कमेंट से साफ संकेत मिल रहे हैं कि प्रोडक्शन हाउस और एक्ट्रेस के बीच कुछ अनबन हुई है। फिलहाल सीरियल में ‘मीरा’ का किरदार गायब है और दर्शक लगातार उनकी वापसी की मांग कर रहे हैं।
इसी बीच खबर आई है कि शो में एक नई विलेन के तौर पर नवनीता मालाकार की एंट्री होने वाली है। क्या नवनीता की वजह से तन्वी का पत्ता कटा है? या कहानी की मांग के चलते मीरा का चैप्टर क्लोज कर दिया गया है? हालांकि चैनल ने इस पर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन तन्वी के पोस्ट ने सोशल मीडिया पर सनसनी मचा दी है।