मैदान पर ही थम गईं सांसें! फुटबॉल खेलते समय हार्ट अटैक से शिलांग के सांसद रिकी का निधन

मेघालय से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। शिलांग के सांसद और ‘वॉयस ऑफ पीपुल्स पार्टी’ (VPP) के नेता रिकी ए. जे. सिंहकोन का गुरुवार को निधन हो गया। ५४ वर्षीय रिकी अपने दोस्तों के साथ शिलांग के मावलाई इलाके में फुटबॉल खेल रहे थे, तभी अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा और वे मैदान पर ही गिर पड़े। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इलाज में देरी का आरोप: सांसद की मौत के बाद राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि बेहोश होने के बाद उन्हें पास के एक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन वहां कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। इसके बाद उन्हें दूसरे अस्पताल ले जाने में कीमती समय बर्बाद हुआ। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
पीएम मोदी और सीएम ने दी श्रद्धांजलि: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसद रिकी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने कहा कि रिकी अपनी सादगी और जनसेवा के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते थे। उनकी कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकेगा। मेघालय के उपमुख्यमंत्री प्रिस्टोन तिनसोंग और वीपीपी प्रमुख एम. बसैयामोइत ने अस्पताल पहुंचकर परिवार को सांत्वना दी। रिकी की सादगी का आलम यह था कि वे सांसद होने के बावजूद आम लोगों की तरह मैदान में फुटबॉल खेलने पहुंच जाते थे।