मुंह पर कहा ‘नौकरी चोर’! सड़क उद्घाटन के दौरान घिरे टीएमसी विधायक माणिक भट्टाचार्य, जमकर बवाल

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले नदिया जिले के पलाशीपाड़ा में तृणमूल कांग्रेस के विधायक माणिक भट्टाचार्य को जबरदस्त विरोध का सामना करना पड़ा। गुरुवार को एक सड़क उद्घाटन समारोह के दौरान खुद टीएमसी कार्यकर्ताओं के एक गुट ने विधायक के खिलाफ ‘चोर’ और ‘नौकरी चोर’ के नारे लगाए। नियुक्ति घोटाले में जेल की सजा काट चुके माणिक भट्टाचार्य के सामने इस तरह की नारेबाजी ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है।
क्यों भड़का गुस्सा? घटना बिलकुमारी ग्राम पंचायत इलाके की है। आरोप है कि ‘पथश्री’ परियोजना के तहत जिस सड़क को मंजूरी मिली थी, विधायक ने उसे बदलकर दूसरी सड़क बनवा दी। साथ ही, स्थानीय कमिटी के गठन में पुराने नामों को हटाकर अपने करीबियों को जगह देने का भी आरोप है। जैसे ही माणिक भट्टाचार्य ने मंच से भाषण शुरू किया, सामने खड़ी भीड़ ने उन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए चिल्लाना शुरू कर दिया।
बमुश्किल बचाई जान: भीड़ का गुस्सा देख विधायक ने हाथ जोड़कर शांत रहने की अपील की, लेकिन कार्यकर्ताओं का कहना था कि “पूरे बंगाल में माणिक से बड़ा भ्रष्ट कोई नहीं है।” नारेबाजी और हंगामे के बीच विधायक को अपना भाषण बीच में ही रोकना पड़ा। स्थिति बिगड़ती देख वे कार्यक्रम खत्म होते ही वहां से रवाना हो गए।
टीएमसी में खलबली: इस घटना पर पार्टी के जिला नेतृत्व ने चुप्पी साध ली है। कृष्णनगर जिला चेयरमैन रुकबानूर रहमान ने कहा कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है। हालांकि, जानकारों का मानना है कि चुनाव से पहले एक सिटिंग विधायक को सरेआम ‘चोर’ कहे जाना पार्टी की छवि के लिए बड़ा झटका है।