जॉन्डिस नहीं, 6 महीने की गर्भवती है 15 साल की नाबालिग! दुर्गापुर में आरोपी को भीड़ ने जमकर पीटा

पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्थित रांची कॉलोनी में शुक्रवार को जबरदस्त तनाव फैल गया। एक 15 साल की नाबालिग लड़की से रेप और उसके 6 महीने की गर्भवती होने की खबर मिलते ही स्थानीय लोग भड़क उठे। गुस्साई भीड़ ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और बांस-लाठियों से उसकी जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह युवक को भीड़ के चंगुल से बचाया।
क्या है पूरा मामला? नाबालिग के पिता को लगा था कि उनकी बेटी को जॉन्डिस (पीलिया) है। लेकिन जब उसे पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल ले जाया गया, तो डॉक्टर की बात सुनकर परिवार के होश उड़ गए। डॉक्टर ने बताया कि नाबालिग 6 महीने की गर्भवती है। पूछताछ में पता चला कि उनके एक रिश्तेदार ने ही लड़की के साथ दरिंदगी की थी। शुक्रवार सुबह जैसे ही आरोपी इलाके में दिखा, लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
पुलिस की कार्रवाई: आसनसोल-दुर्गापुर कमिश्नरेट के डीसीपी अभिषेक गुप्ता ने बताया कि युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। नाबालिग का मेडिकल टेस्ट कराया जाएगा। स्थानीय महिलाओं का आरोप है कि आरोपी पहले भी महिलाओं और बच्चियों के साथ बदतमीजी करता था। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।