ईडन गार्डन्स का बदलेगा स्वरूप! सेना प्रमुख के साथ सौरव गांगुली की बड़ी बैठक, वर्ल्ड कप के बीच मेगा प्लान!

ईडन गार्डन्स में टी-20 वर्ल्ड कप का रोमांच अपने चरम पर है। सुपर-8 में भारत के बड़े मुकाबले और सेमीफाइनल से पहले क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) के अध्यक्ष सौरव गांगुली एक नई योजना पर काम कर रहे हैं। शुक्रवार को सौरव गांगुली ने बंगाल सब एरिया हेडक्वार्टर के जीओसी मेजर जनरल डीके सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य ईडन गार्डन्स के नवीनीकरण (Renovation) और स्टेडियम की लीज प्रक्रिया को लेकर सेना के साथ तालमेल बिठाना था।
मेजर जनरल डीके सिंह ने हाल ही में कार्यभार संभाला है, जिन्हें सीएबी की ओर से विश्व कप का विशेष स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। चूंकि ईडन गार्डन्स सेना की जमीन पर स्थित है, इसलिए इसके ढांचे में किसी भी बड़े बदलाव के लिए सेना की अनुमति अनिवार्य होती है। बैठक में सौरव गांगुली के साथ सचिव बबलू कोले और कोषाध्यक्ष संजय दास भी मौजूद थे।
सूत्रों के मुताबिक, ईडन गार्डन्स को एक नया और आधुनिक लुक देने के लिए नक्शा तैयार कर लिया गया है। विश्व कप के ठीक बाद आईपीएल का आयोजन होना है, जहां कोलकाता नाइट राइडर्स अपने घरेलू मैच खेलेगी। संभावना है कि आईपीएल खत्म होते ही ईडन के रेनोवेशन का काम युद्ध स्तर पर शुरू हो जाएगा। सौरव गांगुली और सेना के बीच इस मुलाकात ने स्टेडियम के भविष्य के विकास के लिए एक नई राह खोल दी है।