भांगड़ में फिर खूनी संघर्ष! टीएमसी की बैठक पर आईएसएफ का हमला, कई कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले का भांगड़ एक बार फिर राजनीतिक हिंसा की आग में जल उठा है। शनिवार रात पोलेरहाट 2 नंबर क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस (TMC) और आईएसएफ (ISF) समर्थकों के बीच जमकर मारपीट हुई। आरोप है कि जब टीएमसी कार्यकर्ता अपने संगठन को मजबूत करने के लिए बैठक कर रहे थे, तभी आईएसएफ और जमीन रक्षा समिति के समर्थकों ने लाठी-डंडों के साथ अचानक उन पर हमला बोल दिया।
इस हिंसक झड़प में दो टीएमसी कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत जिरेंगछा ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के दौरान टीएमसी नेता खैरुल इस्लाम की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई। हंगामे की खबर मिलते ही कोलकाता पुलिस की एक बड़ी टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए फ्लैग मार्च किया।
देर रात भांगड़ के टीएमसी पर्यवेक्षक और विधायक शौकत मोल्ला घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे। उन्होंने इस हमले के लिए विपक्ष को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा, “विरोधी हमारी ताकत से डर गए हैं, इसलिए वे हिंसा का सहारा ले रहे हैं।” हालांकि, आईएसएफ की ओर से इस मामले पर अभी तक कोई बयान नहीं आया है। इलाके में फिलहाल शांति बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात है, लेकिन राजनीतिक पारा काफी बढ़ गया है।