प्रेमिका हुई गर्भवती तो प्रेमी बना हैवान! हत्या कर लाश को पत्थर से बांध कुएं में फेंका
गुजरात के कच्छ जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। जहाँ एक युवक ने अपनी नाबालिग प्रेमिका के गर्भवती होने पर उसकी हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे भारी पत्थर से बांधकर कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी राजेश और उसकी मदद करने वाले दोस्त राहुल को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, राजेश और नाबालिग लड़की एक ही गांव के रहने वाले थे और पिछले एक साल से उनके बीच प्रेम संबंध था। लड़की के गर्भवती होने के बाद उसने राजेश पर शादी करने का दबाव बनाना शुरू किया, जो राजेश को मंजूर नहीं था। विवाद बढ़ने पर राजेश ने अपने दोस्त राहुल के साथ मिलकर लड़की को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
आरोप है कि राजेश ने लड़की को भागकर शादी करने के बहाने एक सुनसान जगह पर बुलाया। वहां पहुंचते ही दोनों दोस्तों ने मिलकर लड़की का गला घोंट दिया। वारदात के बाद सबूत मिटाने के लिए उन्होंने शव के साथ पत्थर बांधा और उसे पास के एक गहरे कुएं में फेंक दिया। लड़की के लापता होने के बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। सख्ती से पूछताछ करने पर राजेश ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच कर रही है।