दिल्ली में आतंकी हमले का अलर्ट! लश्कर के निशाने पर लाल किला और चांदनी चौक, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर आतंकी साये में है। खुफिया इनपुट के अनुसार, पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा दिल्ली के ऐतिहासिक स्मारकों और भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थलों को निशाना बना सकता है। विशेष रूप से लाल किला और चांदनी चौक के मंदिर आतंकियों की हिटलिस्ट में हैं। इसके बाद पूरी दिल्ली में सुरक्षा चाक-चौबंद कर दी गई है और संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
खुफिया रिपोर्टों में चेतावनी दी गई है कि आतंकी आईईडी (IED) के जरिए धमाके कर सकते हैं। 2025 में लाल किले के पास हुए विस्फोट की घटना को ध्यान में रखते हुए, इस बार प्रशासन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। दिल्ली के प्रवेश द्वारों और सीमाओं पर गाड़ियों की सघन तलाशी ली जा रही है। चांदनी चौक जैसे व्यस्त इलाकों में सीसीटीवी और ड्रोन के जरिए निगरानी रखी जा रही है।
सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि आतंकियों का मकसद भीड़भाड़ वाली जगहों पर हमला कर दहशत फैलाना है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, बल्कि सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन में देने को कहा गया है। हाई-प्रोफाइल इमारतों और मंदिरों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त कमांडो दस्ते तैनात किए गए हैं।