सारंडा के जंगलों में IED धमाका! नक्सल विरोधी अभियान के दौरान कोबरा बटालियन के 2 जवान घायल
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगलों में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। शनिवार को नक्सलियों द्वारा लगाए गए एक आईईडी (IED) विस्फोट की चपेट में आने से सीआरपीएफ की विशेष यूनिट कोबरा (CoBRA) के दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, खुफिया जानकारी के आधार पर जिला पुलिस और २०৯ कोबरा बटालियन ने तड़के सारंडा के घने जंगलों में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया था। सुरक्षाबलों का उद्देश्य नक्सलियों के गुप्त ठिकानों को नष्ट करना था। जब जवान जंगल के संवेदनशील इलाके में तलाशी ले रहे थे, तभी अचानक एक शक्तिशाली आईईडी विस्फोट हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास का इलाका दहल उठा।
हादसे में घायल दोनों जवानों को तत्काल रेस्क्यू कर इलाज के लिए भेजा गया है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और नक्सलियों की तलाश में अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं।