भारत में बड़े आतंकी हमले की साजिश नाकाम! दिल्ली पुलिस ने 8 संदिग्धों को दबोचा, पाक-बांग्लादेश कनेक्शन आया सामने
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए देश के विभिन्न हिस्सों से 8 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इन संदिग्धों में एक बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल है। सुरक्षा एजेंसियों का दावा है कि ये लोग पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) और बांग्लादेश स्थित आतंकी गुটों के संपर्क में थे और भारत के प्रमुख शहरों में विस्फोट करने की फिराक में थे।
साजिश का केंद्र: तमिलनाडु और बंगाल गिरफ्तार किए गए 6 संदिग्ध—मिजानुर रहमान, मोहम्मद शबात, उमर, मोहम्मद लिटन, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्ज्वल—तमिलनाडु के तिरुपुर में एक कपड़ों की फैक्ट्री में काम करने के बहाने छिपे हुए थे। वहीं, 2 अन्य संदिग्धों को पश्चिम बंगाल से पकड़ा गया है। इनके पास से 8 मोबाइल फोन और 16 फर्जी सिम कार्ड मिले हैं। ये लोग फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर अपनी पहचान छिपा रहे थे।
लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े तार खुफिया रिपोर्टों के अनुसार, पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा दिल्ली के लाल किले और चांदनी चौक के प्रसिद्ध मंदिरों को निशाना बनाने की योजना बना रहा था। ये संदिग्ध वहां आईईडी (IED) प्लांट करने की साजिश रच रहे थे। तमिलनाडु पुलिस ने इन्हें हिरासत में लेकर दिल्ली पुलिस को सौंप दिया है। फिलहाल इन्हें दिल्ली लाया जा रहा है, जहाँ उनसे कड़ी पूछताछ की जाएगी ताकि इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा सके।