दिल्ली-मेरठ का सफर अब मिनटों में! PM मोदी करेंगे देश की सबसे तेज ‘नमो भारत’ ट्रेन का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी रविवार को उत्तर प्रदेश के मेरठ को करीब 12,930 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देने जा रहे हैं। इस दौरे का सबसे मुख्य आकर्षण देश के पहले ‘नमो भारत’ आरआरटीएस (RRTS) और दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर के पूर्ण खंड का उद्घाटन है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पीएम मोदी दोपहर 12:30 बजे शताब्दी नगर स्टेशन से मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उद्घाटन के बाद वे स्वयं शताब्दी नगर से मेरठ साउथ तक मेट्रो की सवारी करेंगे। इसके पश्चात, दोपहर 1:00 बजे प्रधानमंत्री विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।
82 किलोमीटर लंबा यह कॉरिडोर दिल्ली और मेरठ के बीच के सफर को बेहद सुगम बना देगा। 180 किमी प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार वाली यह ट्रेन देश की सबसे तेज क्षेत्रीय परिवहन प्रणाली है। आज सराय काले खां से न्यू अशोक नगर खंड के शुरू होने से साहिबाबाद और गाजियाबाद के रास्ते दिल्ली पहुंचना आसान हो जाएगा। खास बात यह है कि मेरठ में पहली बार एक ही ट्रैक पर मेट्रो और नमो भारत दोनों ट्रेनें चलेंगी, जिससे दक्षिण मेरठ से मोदीपुरम की दूरी मात्र 30 मिनट में तय होगी।