शादी के बाद विदाई के वक्त गनपॉइंट पर दुल्हन का अपहरण! पूर्व प्रेमी के खौफनाक कदम से ओडिशा में हड़कंप

ओडिशा के बोलांगिर जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। यहाँ एक नवविवाहित जोड़ा जब अपनी नई जिंदगी की शुरुआत करने ससुराल जा रहा था, तभी बीच रास्ते में पूर्व प्रेमी ने फिल्मी स्टाइल में हमला बोलकर दुल्हन का अपहरण कर लिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
क्या है पूरा मामला? मिली जानकारी के अनुसार, बोलांगिर निवासी हरिबंधु पटेल की शादी कांतमाल में तय हुई थी। शनिवार रात को धूमधाम से शादी संपन्न हुई। रविवार तड़के जब हरिबंधु अपनी दुल्हन को लेकर घर लौट रहे थे, तभी तरवा रोड पर बदबांधा के पास तीन नकाबपोश युवकों ने उनकी गाड़ी को बीच रास्ते में रोक लिया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, हमलावरों ने हथियार निकाल लिए।
बंदूक की नोक पर वारदात: आरोप है कि दुल्हन के पूर्व प्रेमी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर दूल्हे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। दूल्हे हरिबंधु के सिर पर पिस्तौल तान दी गई, जिससे पूरा परिवार सहम गया। इसके बाद आरोपियों ने दुल्हन को जबरन अपनी गाड़ी में खींच लिया और तेजी से वहां से फरार हो गए। असहाय दूल्हा अपनी आंखों के सामने अपनी पत्नी को लुटते हुए देखता रह गया।
पुलिस की कार्रवाई: पीड़ित पति ने तुरंत तरवा थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। तरवा थाने की प्रभारी (IIC) अनीता किदो ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में इसे प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला माना जा रहा है। पुलिस ने जिले के सभी निकास द्वारों पर नाकाबंदी कर दी है ताकि जल्द से जल्द दुल्हन को बरामद किया जा सके। इस घटना ने एक बार फिर प्रेम के जुनून में अपराध की पराकाष्ठा को उजागर किया है।